सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर युवक को गंभीर रूप से घायल करने के बाद सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान हरिनंदन राजवाड़े, निवासी गोंदा गांव, के रूप में हुई है। शुक्रवार को अज्ञात आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और गंभीर हालत में केवरा गांव के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



