छत्तीसगढ़

कांकेर में मलेरिया का कहर: 2 दिन में 2 छात्रों की मौत, 11 पॉजिटिव मिलने से मचा हड़कंप..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मलेरिया के अचानक बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीते दो दिनों में मलेरिया से दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि सरकारी छात्रावासों में रहने वाले 11 छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में जांच और निगरानी तेज कर दी है।

सरकारी हॉस्टलों में मलेरिया का प्रकोप

जानकारी के अनुसार, इरादाह और मर्दापोटी छात्रावासों में रहने वाले 11 छात्रों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें छात्रावासों और आसपास के गांवों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही हैं। संक्रमित मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, डोमाहर्रा की रहने वाली तीन सगी बहनों को तेज बुखार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बहनों का इलाज जारी है।

वहीं, मर्दापोटी छात्रावास में भी कई छात्रों को बुखार और सिरदर्द की शिकायत हुई थी। जांच में चार छात्रों के मलेरिया पॉजिटिव मिलने की जानकारी सामने आई। इनमें 9 वर्षीय सुभाष कुमेटी की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

22 जुलाई तक नहीं मिला था कोई संक्रमित

आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु के अनुसार, 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई थी। उस समय किसी भी छात्र में मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई थी। हालांकि, 24 जुलाई के बाद अचानक संक्रमण के मामले सामने आने लगे।

CMHO बोले- अचानक सामने आया मलेरिया आउटब्रेक

CMHO डॉ. आरसी ठाकुर ने बताया कि जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार प्रभावित छात्रावासों और आसपास के इलाकों में जांच कर रही हैं। सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और आसपास पानी जमा न होने दें।

Leave a Reply

Back to top button