छत्तीसगढ़

सक्ती में पुलिस आरक्षक की संदिग्ध मौत, थाने की बैरक में मिला शव..

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हसौद थाना परिसर की बैरक में शनिवार को 45 वर्षीय आरक्षक जय लहरे का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मृतक आरक्षक जय लहरे जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के भलवाही गांव के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, आरक्षक की मौत के सही कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में पारिवारिक परिस्थितियों, व्यक्तिगत समस्याओं, मानसिक तनाव और कार्यस्थल से जुड़े दबाव समेत सभी पहलुओं को शामिल किया गया है।

एसपी ने बताया कि आरक्षक जय लहरे मधुमेह से भी पीड़ित थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं और दोनों अलग-अलग स्थानों पर पदस्थ थे।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button