छत्तीसगढ़

तीन साल से फरार रहे रामगोपाल अग्रवाल की रिमांड बढ़ी, 5 अगस्त तक जेल में रहेंगे..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत 5 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी। कोर्ट की कार्यवाही के बाद रामगोपाल अग्रवाल को जेल भेज दिया गया।

रामगोपाल अग्रवाल के जेल जाने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रायपुर कोर्ट पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ लेने और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने के लिए केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

तीन बड़े मामलों में भूमिका का आरोप

EOW और ED की जांच के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल पर शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में अवैध धन के लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग में अहम भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसियों का दावा है कि उनके माध्यम से कोयला, शराब और कस्टम मिलिंग घोटालों से जुड़े करीब 800 करोड़ रुपये इधर-उधर ट्रांसफर किए गए।

जांच एजेंसी के मुताबिक, कोयला घोटाले से जुड़े करीब 52 करोड़ रुपये के ट्रांसफर में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि रामगोपाल अग्रवाल ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।

शराब घोटाले में 3,400 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का दावा

कोयला घोटाला मामले में रिमांड अवधि पूरी होने के बाद EOW-ACB ने रामगोपाल अग्रवाल को शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का दावा है कि छत्तीसगढ़ के शराब कारोबार में करीब 3,400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।

रविवार को जांच एजेंसी रामगोपाल अग्रवाल को सेंट्रल जेल लेकर गई थी, जहां शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के सामने बैठाकर उनसे पूछताछ की गई थी।

8 जुलाई को किया था सरेंडर

बता दें कि रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे थे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद मेडिकल जांच के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया था। कोर्ट ने पहले उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अब अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत 5 अगस्त तक बढ़ा दी है।

अब रामगोपाल अग्रवाल को 5 अगस्त को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button