दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने पहले उसका गला दबाया और फिर बोल्डर पत्थर से सिर व चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मृतका की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई है। वह 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। बाद में पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में उनका शव मिला। शव की पहचान परिजनों ने की।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) पर संदेह हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी शराब के नशे में थे और महिला को पैसे का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां जबरन संबंध बनाने की कोशिश का महिला ने विरोध किया।
विरोध करने पर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी हर्ष यादव ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि नितेश ठाकुर ने बोल्डर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर वार किया। बाद में दोनों ने भी पत्थर से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं।



