कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक सब इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर दर्री थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मुड़ापार एसईसीएल क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान दुमरमुड़ा निवासी प्रमोद महंत से हुई थी, जो CISF में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने शादी का वादा किया और इसी भरोसे में युवती के साथ संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि 11 मई 2025 को आरोपी उसे एनटीपीसी क्षेत्र के एक होटल ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद रायपुर समेत कई अन्य स्थानों पर भी विवाह का झांसा देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।
जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और आखिरकार विवाह से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने दर्री थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी तेज कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



