बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी का शव शिवनाथ नदी से मिलने के बाद सनसनी फैल गई। महिला पिछले तीन दिनों से लापता थीं। उनकी लावारिस स्कूटी मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान स्कूटी मिलने के स्थान से करीब पांच किलोमीटर दूर नदी में उनका शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका प्रीति जॉन (43) का पति प्रियेश जॉन बलौदाबाजार जिले में यातायात थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं। जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पिछले करीब छह महीनों से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
बुधवार को बिल्हा थाना क्षेत्र के मोहभट्ठा के पास एक लावारिस स्कूटी मिलने की सूचना पुलिस को मिली। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद पता चला कि स्कूटी प्रीति जॉन की है। तलाशी के दौरान बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी से उनका शव बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि शव काफी हद तक क्षत-विक्षत और डिकंपोज हो चुका था। पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों सहित सभी एंगल पर जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल मिलने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।



