रायपुर। तिल्दा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शराब की लत और घर में बार-बार शराब पार्टी करने से नाराज बेटे ने अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान संतु कोठरी के रूप में हुई है, जो रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात पिता और बेटे के बीच शराब पार्टी को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी बेटे बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू ने आग जलाने वाली लकड़ी से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को घर में ही रखे रहा। मामले की जानकारी वार्ड पार्षद ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



