रायपुर / कई साल के इंतजार के बाद आज से कचना रेलवे ओवरब्रिज आम लोगों के लिए खुल गया है। कचना रेलवे फाटक पर 35 करोड़ रुपए की लागत से 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज बनाया गया है। यह ओवरब्रिज खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के आगे से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जाएगा। यह टू-लेन ओवरब्रिज है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसका उद्घाटन किया, अब लोग इस ओवरब्रिज का इस्तेमाल कर सकेंगे।
अब तक यहां रेलवे फाटक बंद होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को जाम, तपती धूप और बारिश के बीच लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने के बाद शहर के 3 लाख से ज्यादा लोगों को सीधे राहत मिलेगी।कचना ओवरब्रिज पर डामरीकरण समेत सभी काम पूरे हो चुके थे। लोकार्पण से पहले देर रात तक ब्रिज पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चलता रहा।



