कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक सभी युवक रायपुर के बिरगांव से पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पांडातराई के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर नदी में गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस दुर्घटना में मृतकों की पहचान अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21) और कौनैन (19) के रूप में हुई है। वहीं जुनैद रजा (21) और आरजू खान (19) घायल हैं।
पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से बाहर निकाल लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।



