छत्तीसगढ़

बालोद में बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी आग, कूदकर बचाई जान..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। घटना पुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास की बताई जा रही है। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स (CG 07 E 1171) की बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद के बड़गांव जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक बस में आग लग गई।

स्थिति को भांपते हुए बस में सवार लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button