रायपुर। कोरिया जिले के पटना तहसील अंतर्गत देवखोल जंगल में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज, वन, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह सघन अभियान चलाकर अवैध सुरंगों को ध्वस्त किया और करीब 150 बोरी (6 टन 61 किलो) कोयला जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान टीम सुरंगों के भीतर तक पहुंची और मौके से फावड़ा, गेती, विद्युत पंप, पाइप और बड़ी मात्रा में बिजली के तार भी जब्त किए। इससे स्पष्ट हुआ कि अवैध उत्खनन संगठित तरीके से किया जा रहा था।
मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी अवैध खदानों को बंद किया गया था, लेकिन दोबारा गतिविधियां शुरू होने की शिकायतें मिल रही थीं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत विकास कार्य और रोजगार के अवसर भी दिए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे इस जोखिम भरे कार्य से दूर रहें और सरकारी योजनाओं के माध्यम से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।



