छत्तीसगढ़

बलौदा बाजार में रिटायर्ड पुलिस सम्मेलन, अनुभवों के उपयोग की योजना पर जोर..

बलौदा बाजार। जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक अनूठी पहल की तैयारी की जा रही है। इसके तहत सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुभव का उपयोग कर पुलिसिंग को बेहतर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें रिटायर पुलिसकर्मियों की भूमिका और उनके अनुभवों के उपयोग को लेकर चर्चा की गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वर्षों तक सेवा दे चुके अनुभवी कर्मियों की विशेषज्ञता को दोबारा पुलिस व्यवस्था से जोड़ना है।

योजना के तहत रिटायर पुलिसकर्मियों को जटिल मामलों में सलाहकार की भूमिका दी जा सकती है, जिससे अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। ये अनुभवी अधिकारी कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आधुनिक तकनीकों के जरिए थाना पुलिस की मदद कर सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि विभाग अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपेक्षा करता है कि वे भविष्य में भी अपने अनुभव और मार्गदर्शन से पुलिस बल को मजबूत बनाएं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध और महिला संबंधी मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए रिटायर पुलिसकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस सकारात्मक पहल से न केवल पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा।

Leave a Reply

Back to top button