छत्तीसगढ़

जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 नक्सली ढेर, 500 जवानों ने चारों तरफ से घेरा, रुक-रुककर हो रही फायरिंग..

सुकमा। सुकमा जिले में जवानों ने 2 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें एक महिला और एक पुरुष नक्सली है। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। मारे गए नक्सलियों को मिलाकर 2025 में 83 नक्सली ढेर हुए हैं। मामला किस्टाराम थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बड़े लीडर्स से मुठभेड़ चल रही है। दोनों तरफ से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि किस्टाराम इलाके में कोबरा, DRG और जिला बल के करीब 500 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है।

9 फरवरी को जवानों ने 31 नक्सलियों को मारा

इसके पहले जवानों ने बीजापुर में 9 फरवरी को जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया था। सभी 31 के शव रिकवर कर लिए गए थे। मुठभेड़ में 2 जवान भी शहीद हुए थे। मुठभेड़ बीजापुर के इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके में हुई थी। इस साल का ये सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन था।

2 फरवरी को मारे गए थे 8 नक्सली

बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में 2 फरवरी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए माओवादियों में सभी पुरुष नक्सली थे। सुरक्षाबलों के करीब 800-1000 जवानों ने PLGA कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों को घेरा था। इनमें बड़े लीडर्स भी थे। मौके से फोर्स ने इंसास समेत 303, 12 बोर, BGL लॉन्चर बरामद किया।

गरियाबंद में 16 नक्सली मारे गए

20-21 जनवरी को गरियाबंद जिले के जंगल में भी मुठभेड़ हुई थी। करीब 80 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में 16 नक्सली मारे गए। इनमें से 12 नक्सलियों पर कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों में नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का मेंबर चलपति भी है।

अकेले चलपति पर ही 90 लाख का इनाम था। वहीं नुआपड़ा-गरियाबंद-धमतरी डिवीजन कमेटी का प्रमुख सत्यम गावड़े भी एनकाउंटर में मारा गया था।

2025 में अब तक 83 नक्सली मारे गए

छत्तीसगढ़ में 2025 में अब तक 83 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें से 65 बस्तर संभाग में ही ढेर हुए हैं। इसमें बीजापुर सहित 7 जिले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में जवानों ने 217 नक्सलियों को ढेर किया था।

Leave a Reply

Back to top button