छत्तीसगढ़

TI पर गंभीर आरोप: बीच बाजार व्यापारी को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, जांच शुरू..

धमतरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। बोराई थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में एक टीआई द्वारा व्यापारी के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बोराई नाके पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान व्यापारी शब्बीर मेमन बाजार में मुर्गा खरीदने-बेचने जा रहा था। पुलिस द्वारा गाड़ी रोकने का इशारा करने पर उसने जल्दबाजी के कारण वाहन नहीं रोका, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि टीआई नरेंद्र सिंह ने व्यापारी को बीच बाजार में रोका और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, उसे थाने ले जाकर और मारने की धमकी भी दी गई। पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में कैद कर ली, जो अब वायरल हो रही है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि थप्पड़ मारने की बात स्पष्ट नहीं है।

पीड़ित व्यापारी ने आरोप लगाया है कि नाके पर चेकिंग के नाम पर वसूली की जाती है। वहीं मामले में एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे का कहना है कि वाहन नहीं रोकने पर विवाद हुआ था और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और व्यवहार पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button