छत्तीसगढ़

रायगढ़ में सनसनी: 5000 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार..

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महज 5 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कापू पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हीचुआ निवासी देवव्रत तुरी का शव 27 अप्रैल को उसके घर के पास संदिग्ध हालत में मिला था। शव पर गले, कलाई और पीठ में दबाव व संघर्ष के निशान पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मृतक के पिता की शिकायत और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव के करमसाय नगेसिया (42 वर्ष) के साथ मृतक का लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने करमसाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो आरोपी गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि करीब 6 साल पहले मृतक ने उससे 5,000 रुपये उधार लिए थे, जिसे वह बार-बार मांगने के बावजूद वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश थी।

घटना वाली रात 26 अप्रैल को शादी कार्यक्रम से लौटते समय आरोपी ने देवव्रत को घर के पास देखा और गुस्से में आकर उसका पीछा किया। दरवाजे के पास पकड़कर उसने दोनों हाथों से मुंह और गले को दबाकर जमीन पर पटक दिया और तब तक दबाए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के पीछे बाड़ी में फेंक दिया, ताकि मामला छुपाया जा सके। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि छोटे से आर्थिक विवाद भी किस तरह बड़ी वारदात का रूप ले सकते हैं।

Leave a Reply

Back to top button