छत्तीसगढ़

रिजल्ट के बाद सदमे में छात्र, कमरे में फांसी लगाकर दी जान..

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां 10वीं कक्षा में लगातार असफलता से परेशान एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा का निवासी था। 30 अप्रैल को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी किए गए थे। राजवीर ने जब अपना रिजल्ट देखा, तो वह 5 विषयों में फेल हो गया था।

बताया जा रहा है कि राजवीर पिछले साल भी 10वीं में असफल रहा था और इस बार भी फेल होने के कारण वह काफी मानसिक दबाव में आ गया था। रिजल्ट आने के बाद से वह गुमसुम रहने लगा था और किसी से बात नहीं कर रहा था।

घटना के दिन उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, जहां छात्र का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा के दबाव और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा में असफलता जीवन का अंत नहीं है और ऐसे समय में बच्चों को परिवार और समाज से सहयोग व समझ की सबसे ज्यादा जरूरत होती है।

Leave a Reply

Back to top button