छत्तीसगढ़

कुम्हारी बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू..तहसीलदार पहुंचे केडिया डिस्टलरी, मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपए मिलेगा मुआवजा..

दुर्ग। कुम्हारी में बीती रात हुए बस हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। कल रात दुर्ग कलेक्टर के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश के बाद आज तहसीलदार जांच करने केडिया डिस्टलरी पहुंचे हैं। वहीं घटना स्थल पर कलेक्टर, एसपी समेत कई अधिकारी मौजूद हैं।

कल देर रात कुम्हारी के केडिया डिस्टलरी में काम करने वाले 40 कर्मचारियों को लेकर एक बस डिस्टलरी से खपरी की ओर जा रही थी। इसी बीच अचानक बस अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी मुरुम खदान में गिर गई, जिसमें 13 कर्मचारियों की मौत हो गई है। वहीं लगभग 15 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे में मृत हुए सभी कर्मचारियों के शवों को सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल एवं 3 मृतकों के शवों को जिला अस्पताल के मर्च्यूरी में रखा गया है। सुबह से ही जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंच चुके हैं, जिसमें मजिस्ट्रेट के सामने सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

वहीं केडिया डिस्टलरी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और घायलों के पूरे इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। घायलों को एम्स, एपेक्स, ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Back to top button