छत्तीसगढ़

रायपुर में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला: पवन खेड़ा बोले- मोदी सरकार मुद्दों से ध्यान भटका रही, PM को बताया ‘कायर..

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोमवार को रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए लगातार विवाद खड़े कर रही है।

खेड़ा ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि देश को बताया जाना चाहिए कि प्रधानमंत्री आखिर किससे नहीं डरते। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि चीन, पाकिस्तान और नेपाल जैसे देशों के संदर्भ में सरकार की नीतियां कमजोर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री, सरकार और आरएसएस को “कायर” बताते हुए विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।

राम मंदिर में कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए पवन खेड़ा ने विवादित टिप्पणी की और कहा, “अयोध्या की लूट तो झांकी है, मथुरा-काशी लूटना बाकी है।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा जिस चीन को “लाल आंख” दिखाने की बात कहकर सत्ता में आई थी, आज वही चीन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) के मुद्दे पर खुलकर पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है।

पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार स्मार्ट मीटर, रेत माफिया, महंगाई, बेरोजगारी और छात्रों की समस्याओं जैसे अहम मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू किया है, जिसके जरिए देशभर के छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

खेड़ा ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज में तनाव बढ़ाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बुलडोजर कार्रवाई की बात होती है, तो क्या कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने धार्मिक मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल का भी आरोप लगाया।

प्रेसवार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और प्रधानमंत्री के लगातार विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं से देश को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ के मीडिया की निष्पक्षता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय मीडिया को भी सत्ता से सवाल पूछने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता देने की आवश्यकता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में जनता, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर देशभर में अभियान और आंदोलन चलाएगी।

Leave a Reply

Back to top button