छत्तीसगढ़

हेलमेट बना जीवन रक्षक, दो दोस्तों की नहीं बच सकी जान..

सरगुजा । जिले के बतौली थाना क्षेत्र में NH-43 पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी नान्हू (30), जयप्रकाश (35) और अकलसाय (25) रायगढ़ जिले के कापू से अपने गांव लौट रहे थे। तीनों अपने परिजन के दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान बासेन के पास अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में नान्हू और जयप्रकाश सड़क पर गिर गए, तभी अंबिकापुर की ओर से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी जान बच गई। घायल अवस्था में उसे पहले बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप व ट्रक की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों ने NH-43 पर हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि हिट एंड रन जैसी घटनाओं में आरोपियों की जल्द पहचान हो सके।

Leave a Reply

Check Also
Close
Back to top button