रायपुर: विधानसभा मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है। सदन में आज भी अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी. बता दें कि विपक्ष ने सरकार के खिलाफ 109 पन्नो का आरोप पत्र भी लाया है। कांग्रेस की सरकार बनने के लगभग साढ़े 4 साल बाद मंत्री बने मोहन मरकाम पहली बार पंचम विधानसभा में विपक्ष के सवालों का सामना करेंगे। उनके अलावा मंत्री अनिला भेंड़िया, जयसिंह अग्रवाल, ताम्रध्वज साहू, रविंद्र चौबे भी सवालों का जवाब देंगे। विधानसभा में आज विपक्ष द्वारा मंत्रिमंडल के प्रति अविश्वास प्रस्ताव भी लाया जाएगा।
सदन में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समाप्त हुए वित्तीय वर्ष मार्च 2022 तक का भारत के महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक के द्वारा राज्य वित्त पर किए गए लेखा परीक्षा प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। इसके अलावा गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड का दसवां वार्षिक प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। मंत्री मोहन मरकाम पहली बार राज्य अल्पसंख्यक आयोग का प्रतिवेदन पटल पर रखेंगे। विधायक बृजमोहन अग्रवाल राज्य जल जीवन मिशन में अनियमितता पर मंत्री का ध्यानाकर्षण करवाएंगे। इसके अलावा विधायक अजय चंद्राकर हाथियों के हमले में जनधन हानि पर व विधायक रमन सिंह सहकारी बैंकों में समय पर चुनाव नहीं होने पर मंत्री का ध्यानाकर्षण करवाएंगे। विधायक सौरभ सिंह गोबर खरीदी में अनियमितता पर मंत्री का ध्यान आकर्षित करवाएंगे। जिसके पश्चात नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल मंत्रिमंडल में अविश्वास जताते हुए अविश्वास प्रस्ताव सदन में रखेंगे।



