गरियाबंद
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यो में अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। जिला पंचायत सीईओ चंद्रकांत वर्मा ने मामले में संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। सीईओ ने अनियमितता की राशि वसूली के निर्देश विभागीय अधिकारी को जारी किए है। जानकारी के अनुसार मामला कृषि विभाग से जुड़ा है। विभाग द्वारा वर्ष 2016-17 में मनरेगा के तहत कूप निर्माण कार्य करवाया गया था। निर्माण कार्यो में अनियमितता की बात सामने आई है। समाजिक अंकेक्षण इकाई द्वारा मैनपुर में आयोजित निकासी बैठक में इस बात का खुलासा हुआ है।जिला पंचायत सीईओ ने कृषि विभाग उपसंचालक को सम्बन्धित पंचायतों से वसूली के निर्देश जारी किए है।
मैनपुर विकासखंड की 24 ग्राम पंचायतों से कुल 48 लाख 79 हजार 980 रूपये वसूली की जानी है। जिसे दस दिन के भीतर वसूलने के निर्देश दिये गए है। यही नही समयावधि में वसूली राशि जमा नहीं करने पर एकपक्षीय कार्यवाही की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके अलावा कूप निर्माण कार्य में यदि अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी की अनियमितता पायी गई हो तो उनसे भी राशि वसूली करने के लिए कहा गया है।