छत्तीसगढ़

बिलासपुर में 10 निरीक्षकों के तबादले, SSP रजनेश सिंह ने जारी किया आदेश..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने 10 निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सिविल लाइन, कोतवाली, सिरगिट्टी, तोरवा, तारबाहर और चकरभाठा सहित कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं।

सिविल लाइन और सिरगिट्टी थाने में बदलाव

तबादला सूची में सिविल लाइन थाना प्रभारी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण बदलावों में शामिल है। कुछ महीने पहले सिरगिट्टी से सिविल लाइन भेजे गए निरीक्षक किशोर केंवट को दोबारा सिरगिट्टी थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी को सिविल लाइन थाने का प्रभारी बनाया गया है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले से आए निरीक्षक सनीप रात्रे को तारबाहर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे पहले भी बिलासपुर जिले में सिविल लाइन, तोरवा और सरकंडा जैसे महत्वपूर्ण थानों में पदस्थ रह चुके हैं।

तोरवा और कोतवाली थाने के प्रभारी भी बदले

निरीक्षक विवेक पांडे को तोरवा थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि वर्तमान तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह को रक्षित केंद्र भेजा गया है।

वर्तमान में बिल्हा थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत निरीक्षक तोपसिंह नवरंग को कोतवाली थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी देवेश सिंह राठौर का तबादला सरगुजा जिले में हो गया है।

निरीक्षक अजय साहू को बिल्हा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी वायपी सिंह को जिला विशेष शाखा में भेजा गया है।

चकरभाठा और समंस-वारंट शाखा में भी बदलाव

निरीक्षक अनिल अग्रवाल को समंस-वारंट शाखा से चकरभाठा थाना प्रभारी बनाया गया है। वे इससे पहले तखतपुर, तारबाहर और कोटा थानों के साथ ही बेलगहना चौकी में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे को समंस-वारंट शाखा में भेजा गया है। वहीं, एएसआई शोभनाथ यादव को विशेष शाखा से सिरगिट्टी थाने में पदस्थ किया गया है।

पुलिसिंग में कसावट लाने की कवायद

एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जारी इस आदेश के तहत जिले के कई महत्वपूर्ण थानों और शाखाओं में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। दूसरे जिलों से तबादले पर आए कुछ निरीक्षकों को भी रक्षित केंद्र में आमद देने के बाद थानों में पदस्थ किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।

Leave a Reply

Back to top button