कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गट्टीपलना मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना के जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार पांच अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
कार्यक्रम देखने जा रहे थे सात लोग
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सात लोग सवार होकर पांडेआठगांव में आयोजित एक कार्यक्रम देखने जा रहे थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे जब वाहन गट्टीपलना मोड़ के पास पहुंचा, तभी चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो पेड़ से जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत
इस दुर्घटना में ग्राम पल्ली निवासी सुंदरलाल नेताम, पिता सुबेलाल नेताम की मौत हो गई। वहीं, सेना के जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में नंदलाल नेताम, दिनेश नेताम, सुनेश मरकाम, तेजलाल नेताम और परदेशी कोर्राम भी घायल हुए हैं।
दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का फरसगांव अस्पताल में इलाज जारी है।
फरसगांव थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बोलेरो अनियंत्रित कैसे हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा।



