छत्तीसगढ़

PM जनमन आवास योजना में ठगी का आरोप, ठेकेदार निक्की खान के खिलाफ FIR दर्ज; अब तक तीन पर कार्रवाई..

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला के ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि ठेकेदार ने तीन हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि ली, लेकिन मकान का निर्माण पूरा नहीं किया और पैसे भी वापस नहीं लौटाए।

इस मामले में चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

तीन हितग्राहियों से ₹2.40 लाख लेने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलदुला, ग्राम पंचायत बेंदा के हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम पर प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे।

आरोप है कि आवास निर्माण का ठेका लेने वाले शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान ने हितग्राहियों से अलग-अलग किस्तों में राशि प्राप्त की। शिकायत के अनुसार, तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये, यानी कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लिए गए। इसके बावजूद आवास निर्माण पूरा नहीं किया गया। राशि वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाने की शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ FIR

कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के निर्माण कार्यों में हितग्राहियों से कथित धोखाधड़ी के मामलों में अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

निक्की खान: ग्राम दुलदुला के तीन हितग्राहियों की शिकायत पर चिल्फी थाने में मामला दर्ज।

तुमेश गोड़: ग्राम आमानारा के हितग्राही बैसाखू बैगा की शिकायत पर तरेगांव जंगल थाने में एफआईआर।

कुमार मेरावी: ग्राम राजाढ़ार के हितग्राही देवसिंह की शिकायत पर चिल्फी थाने में एफआईआर।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी के आरोप लगाए गए हैं।

विजय शर्मा ने कहा—हितग्राहियों के अधिकारों से समझौता नहीं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने या उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों, विशेषकर दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button