तालाब में तैरता मिला जवान का शव
जानकारी के मुताबिक, मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। बुधवार सुबह नगर पंचायत डभरा स्थित खम्हार खैया तालाब में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान शव की पहचान CAF जवान दिलीप साहू के रूप में हुई। जवान का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
कई दिनों से लापता था जवान
बताया जा रहा है कि दिलीप साहू पिछले कुछ दिनों से लापता था। उसके नहीं मिलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, इसी बीच तालाब में उसका शव मिलने की सूचना सामने आई।
हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
जवान की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल जवान की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



