रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित मीना बाजार में एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे युवक की आकाश झूले से गिरने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। मृतक की पहचान पठान पारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है।
झूले से गिरने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक, नकुल निषाद अपने परिवार के साथ मीना बाजार घूमने पहुंचा था। इसी दौरान वह आकाश झूले पर बैठा हुआ था। बताया जा रहा है कि झूले के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों ने झूला संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने बताई हादसे की अलग वजह
पुलिस के अनुसार, युवक शराब के नशे में झूले पर नाच रहा था और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। दूसरी ओर, घटना को लेकर झूले में अचानक झटका लगने की बात भी सामने आई है। ऐसे में हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में झूले की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और घटना के समय की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



