छत्तीसगढ़

भिलाई में दर्दनाक हादसा! कार-स्कूटी की जोरदार टक्कर में 19 वर्षीय युवती की मौत..

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जवाहर उद्यान के पास रात करीब 11 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय आक्षिता अवचट की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा 18 वर्षीय आयुष साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

जवाहर उद्यान के पास हुई टक्कर

पुलिस के अनुसार, तालपुरी बी ब्लॉक निवासी आक्षिता अवचट सोमवार रात आयुष साहू के साथ स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास उनकी स्कूटी की होंडा अमेज कार (CG 07 CH 2321) से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन आक्षिता की मौत हो गई। वहीं, आयुष साहू को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गरबा देखने जा रहा था कार सवार परिवार

जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल होंडा अमेज कार अभिजीत धर की बताई जा रही है। वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी के साथ सेक्टर-10 से सेक्टर-4 में गरबा देखने जा रहे थे। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास कार और स्कूटी की टक्कर हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है। फिलहाल हादसे में किसकी लापरवाही थी, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस हादसे से मृत युवती के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button