छत्तीसगढ़

कोरबा: घर में फांसी लगाने वाले 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंद तालाब बस्ती में एक 26 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगा ली थी। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान उदय कुमार यादव के रूप में हुई है। वह रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

परिजनों को नहीं पता घटना की वजह

जानकारी के अनुसार, घटना का पता चलते ही परिजनों ने युवक को फंदे से उतारा और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि उदय रोज की तरह काम पर जाता था और उसने किसी मानसिक या पारिवारिक परेशानी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने शुरू की जांच

अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की पारिवारिक, आर्थिक और अन्य संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Back to top button