छत्तीसगढ़

दुर्ग में PG के अंदर खूनी वारदात, 26 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक PG के अंदर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित एक PG का है, जो हैरिटेज स्कूल के पीछे स्थित है। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर चित्रेश सहारे अपने दोस्त रवि के PG रूम में एक महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला मित्र से कथित दुर्व्यवहार की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान वैभव और राजकुमार ने चित्रेश के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। चाकू पैर और जांघ में लगने से चित्रेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है।

पुलिस ने आरोपी वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इधर, छात्र की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Back to top button