छत्तीसगढ़

रायपुर में ASI के घर बड़ी चोरी, 5 लाख के जेवर और 85 हजार कैश पार..

रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू सेक्टर-6 स्थित एक सूने मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस लाइन में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) नागेंद्र सिंह के घर से चोर करीब 5.85 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ASI नागेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ किसी काम से पटना गए हुए थे। इसी दौरान मकान सूना पाकर चोरों ने घर को निशाना बनाया। वारदात से पहले आरोपियों ने घर में लगे CCTV कैमरे की दिशा आसमान की ओर घुमा दी, ताकि उनकी पहचान कैमरे में कैद न हो सके।

चोरी का पता तब चला जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला और ताले टूटे हुए देखे। उन्होंने तत्काल फोन कर ASI को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे रायपुर लौटे और घर की जांच की।

चोरों ने मुख्य दरवाजे के अलावा बेडरूम और ऊपर के कमरे में रखी आलमारियों के ताले तोड़ दिए। घर से करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 85 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

घटना की शिकायत के बाद विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Back to top button