रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ के सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार करीब 60 लाख रुपए की लागत के सहायक उपकरण वितरित किए।
हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर और विभिन्न प्रकार के क्रच सहित अन्य उपकरण दिए गए।
वित्त मंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने तथा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी और गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सिन्दूर पार्क में बनेगा स्थायी मंच
ओ.पी. चौधरी ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न आयोजनों के लिए बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की जरूरत नहीं होगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायगढ़ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं दिव्यांग हितग्राही मौजूद रहे।



