छत्तीसगढ़

आधी रात सो रहे दादा-पोते पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 6 साल का मासूम समेत दोनों झुलसे; आरोपी दामाद गिरफ्तार..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि दामाद ने देर रात घर में घुसकर सो रहे अपने ससुर और 6 साल के मासूम पोते पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलस गए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचा था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता से विवाद चल रहा था। विवाद और मारपीट के बाद संगीता अपने मायके चली गई थी। करीब 4-5 दिन बाद भी जब पत्नी घर नहीं लौटी तो भजन सिंह उसे लेने अपने ससुराल ग्राम रामेश्वरम पहुंचा।

पत्नी के नहीं मिलने पर आरोपी का अपने साले कल सिंह से विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान उसने ससुराल पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

देर रात घर में घुसकर सोते हुए लगाई आग

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद भजन सिंह देर रात दोबारा ससुराल पहुंचा। उसने घर की टटरी खोलकर अंदर प्रवेश किया। उस समय 6 वर्षीय सत्यम सिंह अपने दादा जय सिंह के साथ एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहा था।

आरोप है कि भजन सिंह ने दोनों पर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी। अचानक आग लगने से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक दादा और पोता झुलस चुके थे।

दोनों करीब 20 प्रतिशत झुलसे

परिजनों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक जय सिंह और 6 वर्षीय सत्यम सिंह करीब 20 प्रतिशत झुलसे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद रामानुजनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button