रायपुर, 22 सितंबर 2026। केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नया रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) से बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेश में संचालित प्रमुख केंद्रीय परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे लाइन, पावर ट्रांसमिशन और लॉजिस्टिक्स से संबंधित परियोजनाएं शामिल रहीं। अधिकारियों ने इन परियोजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इसके अलावा केंद्रीय योजनाओं के तहत राज्यों को प्राप्त फंड के समयबद्ध उपयोग और उपयोगिता प्रमाण-पत्र केंद्र सरकार को जल्द भेजने पर भी जोर दिया गया। प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में हो रही प्रगति की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने को लेकर भी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ चर्चा हुई।
केंद्रीय टास्क फोर्स की बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यों में अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।



