बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम टेकारी में नहर में नहाने गए 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ घंटे बाद युवक का शव नहर किनारे पानी में तैरता हुआ मिला, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान जय किशन टंडन के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रोज की तरह मंगलवार सुबह गांव के पास स्थित नहर में नहाने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को नहर के किनारे पानी में उसका शव दिखाई दिया।
सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि जय किशन को करीब एक महीने पहले तक मिर्गी के दौरे पड़ते थे। परिजनों ने आशंका जताई कि नहाने के दौरान अचानक दौरा पड़ने से वह पानी में डूब गया होगा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



