छत्तीसगढ़

ट्रांसफार्मर में अचानक हुआ ब्लास्ट, बिजली सुधारने पहुंचे तीन किसान झुलसे..

बेमेतरा। जिले के दाढ़ी क्षेत्र के ग्राम हेमाबंद में ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब ग्रामीण बिजली सप्लाई बंद होने के बाद ट्रांसफार्मर में डीओ चढ़ाने पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक, अटल ज्योति योजना के तहत लगाए गए ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिजली सब स्टेशन को दी थी। बताया गया कि फिलहाल मिस्त्री उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई थी।

इसके बाद मोहतरा गांव के ईश्वर पटेल, छन्नू चंद्राकर और राधेश्याम चंद्राकर ट्रांसफार्मर के पास पहुंचे। लाइन बंद करवाने के बाद डीओ चढ़ाने के दौरान अचानक ट्रांसफार्मर तेज आवाज के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से तीनों ग्रामीण बुरी तरह झुलस गए।

हादसे के बाद तीनों को उपचार के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बिजली विभाग की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Back to top button