बीजापुर। जिले में रविवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। चेरला से बीजापुर आ रही बाबा ट्रेवल्स की बस गुण्डम के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ जवानों और तर्रेम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में कुल 12 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों का इलाज बासागुड़ा अस्पताल में जारी है, जबकि आठ घायलों को बेहतर उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस अनियंत्रित होकर पलटी, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।



