छत्तीसगढ़

बिलासपुर के मंगला वार्ड में तालाब में तैरता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में सनसनी..

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित पटवारी तालाब में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब के पास मौजूद स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही मिसिंग रिपोर्ट के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गणेश या विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोई हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम और पुलिस घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही हैं। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button