गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के अंजनी गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। झाड़ियों में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को जेपी एग्रोटेक के मजदूरों ने झाड़ियों में एक महिला का शव देखा था। मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति सुमित कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात सुमित ने अपनी पत्नी को एक अन्य युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान सुमित ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग बयान देता रहा।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



