छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में दर्दनाक हादसा, स्कूल का गेट गिरने से 7 साल के मासूम की मौत..

बलौदाबाजार। जिले के सिमगा ब्लॉक के हथबंद गांव में स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय का मुख्य गेट अचानक गिरने से 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान रतनपुर निवासी शिवम यादव के रूप में हुई है, जो तीज के त्योहार पर अपनी बड़ी मां के घर हथबंद आया था।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल परिसर का भारी लोहे का गेट एक कमजोर और जर्जर पिलर के सहारे टिका हुआ था। बताया जा रहा है कि पिलर काफी समय से खराब स्थिति में था। अचानक पिलर के ढहने से भारी गेट भी भरभराकर गिर गया। इसी दौरान पास में मौजूद शिवम गेट और मलबे की चपेट में आ गया।

हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि स्कूल के जर्जर गेट और पिलर को लेकर पहले भी अधिकारियों को सूचना दी गई थी और मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

मासूम की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और FIR की मांग की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गेट और पिलर की स्थिति को लेकर पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं और हादसे के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

Leave a Reply

Back to top button