रायपुर। राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर ट्रक और क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में क्रेटा सवार शिवम साहू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे में तीन लोग घायल
हादसे में ओमप्रकाश साहू, संजय साहू और रामेश्वर केंवट घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जुटी, हालांकि फिलहाल यातायात सामान्य रूप से जारी है।



