बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से मारपीट के बाद युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
लाइन में लगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब लेने के लिए लाइन में लगे राकेश प्रजापति का एक युवक से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धारदार वस्तु से हमला किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय मौत
मारपीट में राकेश प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
आरोपी मौके से फरार
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए शराब भट्ठी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और मारपीट के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



