मुंगेली। जिले में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा ग्राम पंडारभट्ठा मुख्य मार्ग पर हुआ। महिला खेत में काम करने के बाद पैदल घर लौट रही थी, इसी दौरान अचानक तेज बारिश और खराब मौसम के बीच बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गई।
मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई, निवासी ग्राम पंडारभट्ठा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय गीता बाई सिर पर बर्तन लेकर घर जा रही थीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का वीडियो भी आया सामने
इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के आकाशीय बिजली की चपेट में आने की घटना दिखाई दे रही है। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।



