भिलाई। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने दो घरों में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने एक नाबालिग को धमकाकर उससे घरों से सोने के जेवर चोरी करवाए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 2-3 महीने पहले 17 वर्षीय नाबालिग को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाया था। आरोप है कि नाबालिग पर घर से सोने के जेवर लाने का दबाव बनाया गया और उसके जरिए चोरी कराई गई।
दो घरों से चुराए सोने के जेवर
जांच में सामने आया कि नाबालिग के जरिए एक घर से दो सोने की अंगूठियां, सोने का हार, कान की बाली और मंगलसूत्र चोरी करवाए गए। वहीं नाबालिग की मां शाहीन परवीन की शिकायत के मुताबिक, उसके घर से भी सोने के कंगन, मंगलसूत्र और दो अंगूठियां चोरी कर आरोपी को दिए गए थे।
कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में वार्ड नंबर-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों से संबंधित चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस का आरोप है कि अनुराग कुर्रे ने नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत भी डाली थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



