बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोपरा जलाशय के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे भूसे से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मुंगेली जिले के लोहाराकापा गांव निवासी पुनौतीन यादव (63) एक परिचित के साथ बाइक से बिलासपुर आ रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक चालक को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। साथ ही चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की आशंका के चलते ड्रिंक एंड ड्राइव के पहलू से भी जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई जारी है।



