रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के साथ बस्तर के विकास, विद्युतीकरण, मोबाइल टावर, रेल परियोजनाओं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
महानदी जल विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा सरकार और केंद्र के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है तथा आने वाले महीनों में इस दिशा में समाधान की उम्मीद है। उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर क्षेत्र में सड़क, रेल और संचार सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा गया है।



