छत्तीसगढ़

CG में दो बड़े सड़क हादसे: ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला, ट्रैक्टर पलटने से 2 की मौत..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा और जशपुर जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जशपुर में खेत की जुताई के लिए जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर मालिक समेत दो लोगों की जान चली गई।

कोरबा में ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला

पहला हादसा कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर हुआ। रविवार शाम करीब 4 बजे मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

पुलिस को मृतक के पास से डीएसपीएम प्लांट का गेट पास मिला है, जिसमें हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा का नाम दर्ज है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव की औपचारिक पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जशपुर में ट्रैक्टर पलटने से दो की मौत

दूसरा हादसा जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के कोदोपारा में हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर खेत की जुताई के लिए जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

हादसा इतना गंभीर था कि ट्रैक्टर चला रहे मालिक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button