रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला थाने के पास स्थित कांग्रेस के एक निर्माणाधीन भवन में 14 वर्षीय बेघर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता भीख मांगकर गुजारा करती है और अपनी मां के साथ अक्सर उस अधूरे पड़े भवन में आश्रय लेती थी। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय लब्बू उर्फ विजय सारथी के रूप में हुई है, जिसकी पत्नी भी कचरा बीनने का काम करती है। आरोपी का उस भवन में नियमित आना-जाना था, जिससे उसकी जान-पहचान नाबालिग से हुई।
गुरुवार को बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अगले दिन शुक्रवार को भी उसने दोबारा इस कृत्य को दोहराया। शनिवार को जब आरोपी ने तीसरी बार दुष्कर्म का प्रयास किया, तो पीड़िता के चिल्लाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर उसकी पिटाई की और फिर उसे घसीटते हुए पास ही स्थित महिला थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और बयान के आधार पर आरोपी विजय सारथी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



