छत्तीसगढ़

प्लॉट बेचने के नाम पर 8 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्लॉट बेचने के नाम पर 8 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोप है कि दंपति ने प्लॉट का सौदा करने के बाद रकम ले ली, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री पीड़िता के नाम करने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी।

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी संतोषी मेश्राम ने आरोपी नेहा देशमुख और उसके पति नोकेश देशमुख से 1240 वर्गफीट प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। पीड़िता ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद मिलाकर कुल 8 लाख रुपये आरोपियों को दिए। बाद में रजिस्ट्री के लिए लगातार टालमटोल की जाती रही।

जब पीड़िता ने भुईयां ऐप के माध्यम से जमीन की जानकारी जांची, तो पता चला कि संबंधित भूमि पहले ही किसी अन्य महिला के नाम रजिस्टर्ड की जा चुकी है। इसके बाद पीड़िता ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दंपति पर अन्य लोगों से भी प्लॉट बेचने के नाम पर रकम लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button