छत्तीसगढ़

कोरबा में दर्दनाक हादसा, लापता 2 वर्षीय मासूम की नदी किनारे मिली लाश..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे 2 वर्षीय मासूम केशव का शव मिलने से इलाके में शोक का माहौल है। बच्चा गुरुवार से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, केशव अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गया था। डेंगूनाला के पास परिवार कुछ देर के लिए रुका था। इसी दौरान मां की आंख लग गई और जब वह जागी तो बच्चा वहां नहीं था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चा खेलते-खेलते नाले में चला गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा।

बालको थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button